नगर निगम ने कई इलाकों में हटाया अतिक्रमण, सामान भी किया जब्त
सड़क पटरी पर अवैध कब्जों से आवागमन भी हो रहा था बाधित
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। नगर निगम की टीमों ने सोमवार को कई इलाकों में सड़क पटरी से अतिक्रमण हटाया। इनके कारण आवागमन में बाधा हो रही थी। कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीमों को विरोध का भी सामना करना पड़ा। अभियान के दौरान 200 से अधिक कब्जे हटाए गए और करीब पांच ट्रक सामान भी जब्त किया गया। इसमें गुमटी, काउंटर, ठेला, बेंच आदि शामिल है।
नगर निगम जोन तीन की टीम ने अलीगंज में पुरनियां चौराहा, बंधा रोड एवं आईआईएम रोड के किनारे पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। जोन चार की टीम ने मरी माता मंदिर से आहिमामऊ चौराहा और वहां से अर्जुनगंज तक अतिक्रमण हटाया गया। जोन पांच की टीम ने आलमबाग इलाके में चंदर नगर भूमिगत पार्किंग के आसपास, आलमबाग मेट्रो होते हुए अवध चौराहे तक सड़कों की दोनों पटरियों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया। जोन सात की टीम ने सर्वोदय नगर, शिवाजी मार्केट सी-ब्लॉक इंदिरा नगर और लेखराज मेट्रो स्टेशन के आसपास नालियों और सड़कों की दोनों पटरियों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाया। जोन आठ की टीम ने बेहसा मोड़ से न्यू गडौरा तथा बिजनौर अंडरपास के आसपास अभियान चलाया।