अंसल मामले की एनसीएलएटी में सुनवाई आज फिर, आवंटियों को मिल सकती है राहत
सोमवार और मंगलवार को भी हुई थी सुनवाई
एलडीए ने किया है कालोनी पर अपना दावा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। राष्ट्रीय कंपनी विधि अपीलीय न्यायाधिकरण (एनसीएलएटी) में अंसल मामले की सुनवाई बृहस्पतिवार को फिर होगी। इससे पहले सोमवार और मंगलवार को दो दिन लगातार सुनवाई हुई है मगर कोई निर्णय नहीं आया। अब 18 को फिर सुनवाई होगी। आवंटियों को उम्मीद है कि उनके हक में फैसला आ सकता है।
सोमवार और मंगलवार को दो दिन करीब डेढ़- डेढ़ घंटे तक सुनवाई चली। पहले दिन एलडीए और आवंटियों की ओर से पक्ष रखा गया। जिसमें एलडीए ने कहा कि कालोनी पर पहला हक उसका है ऐसे में उसे हैंडओवर की जाए। जिसका समर्थन अंसल सुशांत गोल्फ सिटी टाउनशिप के आवंटियों ने भी किया। उसके बाद मंगलवार को अंसल कंपनी और अंसल को कर्ज देने वाली वित्तीय संस्था आईएफएसएल के अधिवक्ताओं ने अपना पक्ष रखा। दो दिन सुनवाई होने के बाद कोई फैसला नहीं हो पाया था। आवंटी व निवेशक गगन टंडन ने बताया कि अब बृहस्पतिवार को फिर सुनवाई होगी। उम्मीद है कि फैसला आवंटियों के हक में आएगा। एलडीए को कालोनी हैंडओवर हो जाएगी तो आवंटियों की राहत मिल जाएगी।