लक्ष्य से कम गृहकर वसूली करने पर नगर निगम के तीन जोनल अफसरों को नोटिस जारी किया गया है। यह कार्रवाई नवंबर माह में कम वसूली को लेकर हुई है। सुधार न होने पर जोनल अफसर की कुर्सी से हटाया भी जा सकता है।
नवंबर माह जोन सात में आने वाले वार्डों से चार करोड़ रुपये गृहकर वसूली का लक्ष्य दिया गया था लेकिन 30 नवंबर तक महज 2.51 करोड़ रुपये की ही वसूली हुई।
ऐसे में करीब डेढ़ करोड़ रुपये कम गृहकर जमा हुआ। बीते साल इसी अवधि में 3.40 करोड़ रुपये गृहकर जमा हुआ था। ऐसे में यह वसूली बीते साल से भी कम है। इसको लेकर जोन सात के जोनल अधिकारी रामेश्वर प्रसाद को नगर आयुक्त गौरव कुमार की ओर से नोटिस जारी किया गया है। इसी तरह जोन आठ को भी नवंबर माह में करीब चार करोड़ रुपये गृहकर वसूलना था लेकिन 30 नवंबर तक 2.17 करोड़ रुपये ही वसूली हुई जबकि बीते साल 2.77 करोड़ रुपये गृहकर वसूली इसी अवधि में हुई थी।
इसको लेकर जोन आठ के जोनल अफसर विकास सिंह को नगर आयुक्त ने नोटिस जारी किया है। कम गृहकर वसूली को लेकर जोन एक के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह को भी नगर आयुक्त ने नोटिस जारी किया है। इनको नवंबर माह में 2.50 करोड़ रुपये की वसूली लेकिन 23 नवंबर तक यह 1.78 करोड़ की ही वसूली कर पाए थे जिसको लेकर इनको नोटिस जारी हुई। उसके बाद इन्होंने सुधार तो मगर 30 नवंबर तक लक्ष्य पूरा नहीं कर सके।