आवंटियों की सुविधा के लिए एलडीए आज लगाएगा लोन मेला
लोन दिलाने में करेगा मदद
रजिस्ट्री शिविर भी दिसंबर में लगाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। आवंटियों की सुविधा के लिए एलडीए सोमवार को गोमती नगर स्थित कार्यालय में लोन मेला लगाएगा। जहां सभी राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों की टीम उपस्थित रहेगी। आवंटियों को मौके पर ही एनओसी और प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन की सुविधा दिलाई जाएगी। इसके बाद दिसंबर माह में ही एलडीए रजिस्ट्री शिविर भी लगाएगा।
अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि कई बार आवंटी सही जानकारी के न मिलने व बैंक से लोन न मिलने के कारण संपत्ति का पूरा पैसा जमा नहीं कर पाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में आवंटियों पर अतिरिक्त ब्याज का बोझ तो पड़ता ही और देरी होने पर आवंटन निरस्त होने का खतरा भी रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए सोमवार को एलडीए ऑफिस में लोन मेला लगाया जा रहा है। जहां पर एक ही स्थान पर ऑनस्पॉट बैंक सहायता मिलेगी। आवंटियों को मौके पर ही एलडीए की ओर से एनओसी प्रदान की जाएगी। साथ ही ज्यादा बैंकों के प्रतिस्पर्धा होने पर आवंटी को ब्याज दर का भी फायदा होगा। लोन लेने के लिए आवंटियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आय एवं जाति प्रमाण पत्र आदि प्रपत्र लाने होंगे।
--------------
दुर्बल आय वर्ग को बड़ी राहत
ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवंटियों को बैंक से लोन लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोन मेले में एक ही छत के नीचे उनका सारा काम हो जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास, सरदार वल्लभ भाई पटेल योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना, अनंत नगर योजना के साथ ही अन्य योजनाओं में आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्ति लेने वाले आवंटी बैंक लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
----
कोट
लोन मेला में आवंटियों की ऋण संबंधी जरूरतें पूरी होंगी और वे पूरा भुगतान करके अपनी संपत्ति के मालिक बन सकेंगे। दिसंबर माह में रजिस्ट्री शिविर भी लगाया जाएगा। उसको लेकर फाइलों को तैयार करने का काम भी चल रहा है।
प्रथमेश कुमार, वीसी एलडीए