वरुण विहार आवासीय योजना के लिए 105 बीघा जमीन का लिया गया कब्जा
450 बीघा जमीन का हुआ बैनामा,
300 करोड़ रुपये मुआवजा वितरित
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। आगरा एक्सप्रेस-वे पर प्रस्तावित वरुण विहार योजना के लिए एलडीए ने जमीन का कब्जा लेने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को एलडीए की टीम ने ग्राम- दोना और तेजकृष्ण खेड़ा में अभियान चलाकर लगभग 105 बीघा जमीन का कब्जा प्राप्त किया।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि आगरा एक्सप्रेस-वे के पास लगभग 6580 एकड़ क्षेत्रफल में वरुण विहार योजना विकसित की जाएगी। यह प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी आवासीय योजना होगी। इसके लिए सदर व सरोजनीनगर तहसील के ग्राम-भलिया, आदमपुर इंदवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा एवं दोना की भूमि चिन्हित की गयी है। यहां लगभग 22,403 किसानों से प्राधिकरण के पक्ष में जमीन का बैनामा कराया जाना है। इस पर तेजी से काम चल रहा है और अभी तक किसानों को 300 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि वितरित करते हुए लगभग 450 बीघा जमीन का बैनामा कराया जा चुका है। सोमवार को एसडीएम विराग करवरिया के नेतृत्व में नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र शुक्ला व उनकी टीम ने मौके पर अभियान चलाकर 105 बीघा जमीन का कब्जा प्राप्त किया।