एलडीए शहर में बनाएगा पांच हजार सस्ते आवास
तलाश की जा रही जमीन
सीएम ने दिया था निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद एलडीए गरीबों के लिए करीब पांच हजार और सस्ते आवास ( फ्लैट ) बनाएगा। इसको लेकर जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है। जो आवास बनाए जाएंगे उनकी कीमत दस लाख रुपये के आसपास रखी जाएगी। पांच नवंबर को डालीबाग की 72 फ्लैटों योजना के आवंटन पत्र वितरण के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा था कि सस्ते आवास उपलब्ध कराने नई योजनाएं लाई जाएं क्योंकि डालीबाग के योजना के लिए 8184 लोगों ने आवेदन किया था। ऐसे में आठ हजार से अधिक लोगों को मायूस होना पड़ा था।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर सस्ते आवास की याेजना लाई जाएगी। उसके लिए जमीन चिन्हित की जा रही है। इसके लिए अर्जन विभाग को निर्देश दिए गए हैं। एलडीए की जो नई योजनाएं अनंत नगर, नैमिष नगर और वरुण विहार आने वाली हैं वहां पर भी नियमों के तहत ईडब्ल्यूएस आवास बनाए जाएंगे। ऐसे में आने वाले समय में कई हजार सस्ते आवास उपलब्ध होंगे। वीसी ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जिस तरह के आवास डालीबाग में बनाकर दिए गए हैं उसी तरह के आवास अन्य जगहों पर भी दिए जाए। वहां पर पार्किंग और पार्क आदि की सुविधा रहे। जिससे लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।