जांच में फर्जी पाए गए पीएम आवास योजना के 49 आवेदक
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। नगर निगम की ओर से कराई गई स्थलीय जांच में प्रधानमंत्री आवास (पीएम आवास ) योजना के 49 आवेदक फर्जी अपात्र पाए गए हैं। इन लोगों ने पीएम आवास योजना को लेकर नगरीय विकास अभिकरण (डूडा ) में आवेदन किया था। डूडा की ओर से आवेदन पत्रों की जांच नगर निगम से कराई गई हैं।
डूडा की ओर से 626 आवेदन पत्रों को जांच के लिए नगर निगम को भेजा गया था। जिसके बाद नगर आयुक्त की ओर से जांच की जिम्मेदारी जोनल अधिकारी जोन तीन को दी गई। जोन की टीम ने स्थलीय और दस्तावेजों की जांच की, जिसमें 49 आवेदन ऐसे पाए गए जो पीएम आवास याेजना की शर्तों को पूरा नहीं करते थे। जांच के दौरान सामने आया कि कई ऐसे थे जिनके पास अपने मकान हैं, वहीं कई लोगों की आय सालाना तीन लाख रुपये से अधिक है। ऐसे में यह पात्र नहीं हैं। ऐसे 49 आवेदक जांच में सामने आए हैं। जांच करने के बाद नगर निगम जोन तीन के जोनल अधिकारी अमरजीत सिंह ने डूडा के परियोजना प्रबंधक को रिपोर्ट भेज दी है।