ऑपरेशन बाद मरीज की मौत, हंगामा
- परिजनों का आरोप इलाज में हुई लापरवाही, दो बार किया ऑपरेशन फिर भी चली गई जान
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। गुडंबा कुर्सी रोड स्थित निजी अस्पताल में गॉल ब्लेडर में पथरी के ऑपरेशन दौरान मरीज की हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने मरीज को आईसीयू में वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा। शुक्रवार देर रात इलाज दौरान मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने आईसीयू में लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गुडंबा बेहटा के रहने वाले अनिल रावत 40 के गाल ब्लेडर में पथरी थी। मरीज ने पहले इंटीग्रेल अस्पताल की ओपीडी में डॉक्टर को दिखाया था। डॉक्टर ने जांच पड़ताल करके 25 अगस्त को भर्ती कर लिया था। 27 अगस्त को मरीज को ओटी में ले जाया गया। वहां पर मरीज का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन बाद मरीज को होश नहीं आया। इसकी शिकायत परिजनों ने डॉक्टरों से किया। डॉक्टरों ने जांच पड़ताल किया। जिसके बाद संक्रमण फैलने की बात कहकर दोबारा ऑपरेशन की बात कही। 28 अगस्त को मरीज का दोबारा ऑपरेशन करके उसे आईसीयू में वेंटीलेटर पर शिफ्ट किया गया। शुक्रवार रात करीब दो बजे डाॅक्टरों ने मरीज को मृत घोषित कर दिया। इससे भड़के परिजनों ने आईसीयू में हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। परिजनों ने मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य बिंदुओं की गहन जांच बाद आगे की कार्रवाई होगी।
आयुष्मान कार्ड धारक से वसूली का आरोप
भाई अशोक का आरोप है मरीज आयुष्मान कार्ड धारक था। जिसके बाद भी अस्पताल में मुफ्त ऑपरेशन नहीं हुआ। जांच व इलाज के नाम पर करीब बीस हजार रुपये वसूल लिए गए। परिजनों ने आयुष्मान मरीज से वसूली की शिकायत सीएमओ आफिस में करने की बात कही है।