डीएम विशाख जी अय्यर और जेसीपी बबलू कुमार ने मंदिरों का निरीक्षण किया
लखनऊ। सावन के पर्व के मद्देनजर बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी विशाख जी और संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार प्रमुख मंदिरों में पहुंचे। यहां की व्यवस्थाओं को देखा और सुरक्षा के इंतजाम भी परखे। पुलिस और प्रशासन के अफसरों को निर्देश दिए है कि वह किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें।
मनकामेश्वर मंदिर:
डालीगंज स्थित मनकामेश्वर मंदिर पहुंच कर अफसरों ने मंदिर तक के रूट और मंदिर परिसर का भ्रमण किया। यहां डीएम ने नगर निगम के अधिकारी से कहा कि वह सुनिश्चित करें कि रूट की सभी स्ट्रीट लाइट सहीं हों। इसकी जांच कर लें। जो भी खराब हों उसको बदलें। निरीक्षण के दौरान अपर नगर मजिस्ट्रेट पंचम ने बताया कि मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं जिसके लिए बंधे के नीचे के रोड पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित होता है, केवल पैदल ही आवागमन रहता है। साथ ही मंदिर गेट से मंदिर तक बैरीकेडिंग करके महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की अलग अलग लाइन लगवा कर दर्शन कराया जाता है। नगर निगम और पुलिस अफसरों से कहा कि समन्वय बनाकर पार्किंग स्थल भी चिन्हित कर लें।
बुद्धेश्वर मंदिर :
मनकामेश्वर के बाद अफसर बुद्धेश्वर मंदिर पहुंचे। डीएम ने नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि मंदिर परिसर व उसके आसपास साफ-सफाई रहे। एसडीएम ने बताया कि मंदिर परिसर में जिला प्रशासन और पुलिस का संयुक्त रूप से कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। वहां से कैमरों की मदद से निगरानी भी की जाएगी। मंदिर परिसर में कई पंखे खराब पाए गए। डीएम ने तत्काल इनको बदलने का आदेश दिया।
डीएम विशाख जी अय्यर और जेसीपी बबलू कुमार ने मंदिरों का निरीक्षण किया