लखनऊ में जानकीपुरम में शनिवार को सीतापुर के मजदूर प्रकाश पाल (48) का शव मिला था। रविवार को हुए पोस्टमार्टम में खुलासा हुआ कि उसकी गला कसकर हत्या की गई थी। पुलिस अब मृतक के तीन भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इनके नाम मृतक की पैंट की जेब से बरामद पर्ची में लिखे थे। पुलिस अब मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई करेगी।
जानकीपुरम में नहर रोड पर छवि शांति धाम के सामने शनिवार दोपहर एक युवक का शव पड़ा मिला था। शिनाख्त सीतापुर के तंबौर निवासी प्रकाश पाल के रूप में हुई थी। आशंका है कि रस्सी से गला कसा गया। डीसीपी नॉर्थ एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि प्रकाश के पास से एक पर्ची बरामद हुई थी। जिसमें तीन लोगों के नाम शिवराज, सुमित और छोटा बौरा का नाम लिखा था।
आगे लिखा था कि इनसे बहुत ज्यादा झगड़ा हुआ है। ये मुझे मार सकते हैं। ये सभी भी सीतापुर के ही रहने वाले हैं। डीसीपी के मुताबिक, तीनों से पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि आपसी विवाद, लेनदेन, आशनाई या नशेबाजी में वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस जल्द वारदात का खुलासा कर सकती है।