इस मामले में दो लोग हिरासत में लिए गए हैं...
- फोटो : amar ujala
हजरतगंज थाना क्षेत्र के पार्क रोड स्थित सिविल अस्पताल के सामने शुक्रवार देर रात साढ़े 12 बजे के करीब एक युवती को कुछ लोगों ने पीट दिया। सड़क पर हुई पिटाई और चीख पुकार से आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी भाग गए।
वहीं उधर से गुजर रहे एसीपी चौक ने युवती को थाने भिजवाया और दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। थाने पहुंचते ही युवती ने बयान बदलते हुए हमलावरों को अपना भाई और पति बताया। पुलिस पूछताछ कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला के मुताबिक एक युवती पार्क रोड से जा रही थी। उसने दो लोगों पर आरोप लगाया कि उसे मारा-पीटा गया है। एसीपी चौक आईपी सिंह ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने भेजा है। वहीं युवती से पूछताछ के बाद थाने में पता चला कि पकड़े गए युवकों में एक उसका भाई और दूसरा पति है।
युवती थाने में पहुंचने के बाद बोली कि वह गिर गई थी। उसे पता नहीं चला और उसने पिटाई का आरोप लगाया। पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है। वहीं युवती को प्राथमिक उपचार के लिए भेज दिया गया है।