जमीन आवंटन के मामले गड़बड़ी पर सरकार ने संतकबीरनगर के खलीलाबाद नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरेश मौर्या को निलंबित कर दिया है। निदेशक स्थानीय निकाय नेहा शर्मा ने यह कार्रवाई डीएम की रिपोर्ट के आधार पर की है। इसके अलावा गाजियाबाद के लोनी नगर पालिका परिषद के ईओ कृष्ण कुमार भड़ाना को वहां से हटाकर स्थानीय निकाय निदेशालय से संबद्ध कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, खलीलाबाद के ईओ के खिलाफ अनियमितता बरतने के संबंधित कई शिकायतें डीएम को मिली थीं। इनमें एक मामला यह भी था कि ईओ ने गलत जानकारी देकर नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित कराकर आरक्षित भूमि पर दुकान बनवा दी थी। इसके अलावा ईओ के खिलाफ शिकायत मिली थी कि सामुदायिक शौचालय के कर्मियों को तीन महीने से वेतन नहीं दिए हैं। जबकि कुछ कर्मियों के खाते में वेतन भेजने के बजाय नकद भुगतान कर रहे थे।
डीएम ने जब इन शिकायतों की जांच कराई तो सारी शिकायतें सही पाई गईं। इस पर डीएम ने निदेशक स्थानीय निकाय को ईओ के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा था। इस आधार पर निदेशक रमेश मौर्या को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन पर लगे आरोपों की जांच निदेशालय में तैनात उप निदेशक प्रशिक्षण सनील कुमार को सौंप दी गई है।
इसके अलावा लोनी के ईओ कृष्ण कुमार भड़ाना को भी हटाकर निदेशालय से संबद्ध कर दिया गया है। भड़ाना के खिलाफ भी कार्यों के प्रति शिथिलता और लापरवाही बरतने की शिकायतें आ रही थीं। इसके लिए उन्हें पहले चेतावनी भी दी गई थी। पिछले दिनों लखनऊ में हुए ईओ के सम्मेलन में भी भड़ाना को मंत्री ने काफी फटकार लगाई थी। तभी से भड़ाना के खिलाफ कार्रवाई होना तय माना जा रहा था।