हाल में हुई अतिवृष्टि से नुकसान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि इससे करीब 15 लाख आबादी प्रभावित हुई है। इसके मद्देनजर सरकार द्वारा शुरू की गई राहत अभियान में किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए। हर गांव के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर राहत कार्यों को तेज किया जाए। प्रभावित परिवारों को हर जरूरी मदद तत्काल उपलब्ध कराई जाए। प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखें। उन क्षेत्रों में बीमारियों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मरीजों के इलाज की समुचित व्यवस्था की जाए।
वहीं, त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश भर के प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने थाना, सर्किल, जिला, रेंज, जोन व मंडल स्तर पर तैनात वरिष्ठ अधिकारियों को क्षेत्रीय प्रतिष्ठित लोगों और मीडिया से संवाद रखने के भी निर्देश दिए। कहा कि त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार करने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और प्रतिदिन शाम को पुलिस बल को फुट पेट्रोलिंग हो। पीआरवी 112 को हर दम सक्रिय रखा जाए। उन्होंने त्योहारों के दौरान ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने व मिलावट पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।