सीएम योगी ने कहा कि दुधवा नेशनल पार्क, कतर्नियाघाट वाइल्डलाइफ सेंचुरी एवं पीलीभीत टाइगर रिजर्व के चूका जैसे इको टूरिज्म के स्थलों पर सुगम आवागमन हेतु हेलीकॉप्टर सेवा एवं 4 लेन रोड कनेक्टिविटी की सुविधा हो।
उत्तर प्रदेश राज्य वन्य जीव बोर्ड की 16वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुधवा नेशनल पार्क, कतर्नियाघाट वाइल्डलाइफ सेंचुरी और पीलीभीत टाइगर रिजर्व के चूका जैसे इको टूरिज्म स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करें। साथ ही इन जगहों पर जाने के लिए चार लेन रोड कनेक्टिविटी की सुविधा भी दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने ऐसे पर्यटन स्थलों पर स्थानीय लोगों को गाइड के रूप में प्रशिक्षित कर नियोजित करने, सैलानियों के ठहरने की व्यवस्था विकसित कर टूरिज्म का माहौल बनाने पर जोर दिया।
विज्ञापन
गुरुवार को राज्य वन्य जीव बोर्ड की 16वीं बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर साल बड़ी संख्या में साइबेरियन पक्षी आते हैं। इन पक्षियों या अन्य पशु-पक्षियों के साथ क्रूरता करने वाले दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। गंगा में डॉल्फिन की संख्या में आशातीत बढ़ोतरी हुई है। इसी प्रकार घाघरा, चंबल, सरयू, गेरुआ आदि अन्य नदियों में भी पाई जाने वाली डॉल्फिन का संवर्धन भी किया जाएगा। इसके लिए स्थानीय ग्रामीणों को जागरूक करते हुए डॉल्फिन मित्र बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने नदियों में बढ़ती गाद एवं बाढ़ से निजात पाने के लिए ड्रेजिंग के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि वन्य जीवों की चिकित्सा-सेवा में लगे पशु चिकित्सकों का कैडर बनाया जाएगा। इन चिकित्सकों का काम बड़ा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नेपाल की सीमा से लगे क्षेत्रों में भारतीय सेल्युलर कंपनियों के नेटवर्क कवरेज की समस्या संज्ञान में आई है। देखा जा रहा है कि इन क्षेत्रों में नेपाली संचार कंपनियों के मोबाइल नेटवर्क आ रहे हैं। इस ओर गंभीरता से ध्यान दें और आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि महराजगंज का सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभागतमाम रहस्यों को संजोए है। इस क्षेत्र के अन्तर्गत धरमौली में सोनारी वन भूमि पर पुरातात्विक उत्खनन कार्य कराने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए।