अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने पुलिस विभाग की निर्माणाधीन परियोजनाओं को तेजी पूरा करने और पूरा होने वाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने के भी निर्देश दिए हैं।
अपर मुख्य सचिव सोमवार को लोकभवन में पुलिस और पीएसी में 5 करोड़ की लागत वाली 21 विभिन्न आवासीय और अनावासीय परियोजनाओं के निर्माण कार्यों के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। अपर मुख्य सचिव ने 44वी वाहिनी मेरठ में दो स्टोर, ललितपुर में पुलिस अधीक्षक के गोपनीय कार्यालय, प्रतापगढ़ में सदर के क्षेत्राधिकारी के आवास, फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर के प्रशासनिक भवन, पुलिस महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र के कार्यालय एवं आवासीय परिसर में चल रहे कार्यों, एडीजी गोरखपुर के चेम्बर व आगन्तुक कक्ष के अलावा यहीं पर बड़हलगंज थाना परिसर में आवासीय भवन और कैंट के प्रशासनिक भवन को कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
इसी प्रकार कानपुर, प्रतापगढ़, खुर्जा, सोनभद्र, मेरठ, प्रयागराज, आगरा, मुरादाबाद, लखनऊ आदि जिलों में पुलिस और पीएसी के अन्य कार्यों के बारे में भी जानकारी दी गई। इस मौके पर बताया कि इस समय में पुलिस विभाग के कुल 661 आवासीय व अनावसीय भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए 55457.03 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इनमें मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 472 निर्माण हो रहे हैं। जिनमें 57 अग्निशमन केन्द्र, 10 चौकी, 38 थाना, 36 पुलिस लाइन में ट्राजिंसट हास्टल, 46 पुलिस लाइन में पुरूष व महिला हास्टल, 31 पीएसी वाहिनी में बैरक, 247 थानों पर हास्टल, 3 शिक्षण प्रशिक्षण संस्थानों का विस्तार, 3 महिला पीएसी वाहिनी के आवासीय व अनावासीय भवन व एक पुलिस लाईंस का निर्माण कार्य शामिल है।