सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश बनाने की प्रक्रिया चालू है। भाजपा के मातृ संगठन आरएसएस का एजेंडा ही समाज में तनाव पैदा करना है। आरएसएस के इसी एजेंडे पर भाजपा कार्य कर रही है। प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था को इसीलिए बढ़ावा देती है ताकि लोग असुरक्षा में तनावपूर्ण जिंदगी जीने को बाध्य हों।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बयान में कहा कि गाजियाबाद, बुलंदशहर, आगरा में दिन दहाड़े लूट की घटनाएं हो रही हैं। भाजपा राज में बेकारी, बदहाली और बेरोजगारी से तो आर्थिक असुरक्षा है। लॉकर तक से चोरी हो रही है। अब जनता बैंक लॉकर में रखे जरूरी कागजात और जेवर की सुरक्षा को लेकर भी बेहद चिंतित है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में न कानून का डर है और न पुलिस का खौफ है। भाजपा जिस तरह प्रशासन को पंगु बना रही है, उससे सुरक्षा की उम्मीद नहीं की जा सकती है। प्रदेश में बढ़ रही अराजकता के लिए भाजपा अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है। जनता के समक्ष उसको जवाबदेही देनी होगी।
चंदौली जाएगा सपा प्रतिनिधि मंडल
चंदौली के सिकंदरपुर गांव में हुई आगजनी की घटना की जांच एवं परिजनों को सांत्वना देने सपा का प्रतिनिधि मंडल जाएगा। पांच अप्रैल को जाने वाले प्रतिनिधि मंडल में विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, पूर्व सांसद राम किशुन, सत्य नारायण राजभर, सुधाकर मौर्या, जितेंद्र कुमार व गार्गी पटेल आदि को शामिल किया गया है।
मुबारकबाद दी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रमजान पर्व की मुबारकबाद दी है। कहा है कि रमजानुल मुबारक माह में दूसरे लोगों से हमदर्दी और सब्र की सीख मिलती है। इस माह में अल्लाह अपनी रहमतों और बरकतों की बारिश करता है। अखिलेश ने कहा है कि रमजान का मकसद बुराइयों से बचना और नेकियों पर चलना भी है। इसलिए रमजान को नेकियों का मौसम-ए-बहार भी कहा जाता है।