बीकेटी में चार दिन से लापता मामपुर बाना निवासी रजाना (65) का शव गांव में सागौन के खेत में पड़ा मिला। शव सड़ चुका था। वृद्धा की रिश्तेदार ने जमीन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है।
रजाना के पति फकीरे की मौत हो चुकी है। रैथा गांव निवासी रिश्तेदार मेवालाल के मुताबिक चार दिन पहले उनके साथ रजाना बैंक से छह हजार रुपये निकालने गई थीं। उन्होंने वृद्धा को उनके घर छोड़ दिया था। इसके बाद से रजाना लापता हो गईं।
मेवालाल ने काफी खोजबीन की मगर उनका कुछ पता नहीं चल सका। रविवार सुबह 11.30 बजे वह थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने जा रहे थे। इस बीच उन्हें सागौन के खेते में वृद्धा का शव मिलने की सूचना मिली।
मेवालाल ने शव की शिनाख्त रजाना के रूप में की। मौके पर पहुंची एक और रिश्तेदार लक्ष्मी ने जमीन के विवाद में रजाना की हत्या करने का आरोप लगाया है। मौके पर पुलिस अधिकारी व इंस्पेक्टर संजय सिंह घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं। फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है।