‘मेट्रो का सफर सुकून भरा, शहर-ए-लखनऊ की अप्सरा।’ यह और ऐसे कई अन्य स्लोगन और आकर्षक लोगो मेट्रो सेल को मिले हैं।
इन स्लोगन के जरिए राजधानी की जनता खासतौर पर बच्चों का उत्साह मेट्रो रेल नेटवर्क को लेकर खुल कर सामने आया है। लखनऊ मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के लोगो के लिए जनता से जो प्रस्ताव मांगे गए थे, उनकी छंटाई शुरू हो गई है।
पहले दिन 400 लोगो कुल 1500 एंट्रीज में से अलग कर दिए गए। लखनऊ मेट्रो रेल कार्पोरेशन के 'लोगो’ (शुभंकर) के लिए जनता से मिले डिजाइनों की शार्ट लिस्टिंग का आगाज बुधवार से आवास बंधु में हो गया।
मेट्रो सेल के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने बताया कि मेट्रो सेल को लगभग 1500 से अधिक प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से अभी 400 का परीक्षण किया गया है।
प्राप्त स्लोगनों की संख्या इससे कहीं अधिक है। प्राप्त लोगो में लखनऊ के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप तथा वर्तमान में हो रहे आधुनिक विकास का वृहद् रूप से समावेश किया गया है।
लोगो शार्टलिस्टिंग का कार्य अगले सप्ताह पूरा होने की उम्मीद की जा रही है। तत्पश्चात सर्वश्रेष्ठ चयनित ’लोगो’ को 10,000 रुपए का पुरस्कार दिया जायेगा।