नवाबी संस्कृति, खानपान व शिल्प कला की झलक दिखलाने वाला लखनऊ महोत्सव इस बार 11 नहीं 13 दिन तक चलेगा।
महोत्सव तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इस तरह लखनऊ महोत्सव का आयोजन 25 नवंबर से 7 दिसंबर चलेगा।
अभी तक लखनऊ महोत्सव का आयोजन हर साल 25 नवंबर से 5 दिसंबर की निर्धारित अवधि के लिए ही आयोजित होता रहा है।
बैठक में उपस्थित जिलाधिकारी एवं उपाध्यक्ष लखनऊ महोत्सव समिति राजशेखर ने बताया कि महोत्सव का आयोजन बंगला बाजार स्थित निर्धारित क्षेत्रीय पार्क सेक्टर एल (स्मृति उपवन) में ही होगा।
सकी ब्रांडिंग थीम तैयार करने को खुले तौर पर सभी से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। थीम के लिए चयन समिति का गठन भी किया गया है। चयनित थीम को पांच हजार रुपये का विशेष पुरस्कार भी दिया जाएगा।
लखनऊ महोत्सव में इस बार नवाबी संस्कृति के साथ ही खानपान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों व शिल्प कला की मिली-जुली झलक भी महोत्सव घूमने आने वाले पर्यटकों को कराई जाएगी।
पर्यटन विभाग द्वारा संचालित किए जाने वाले इस महोत्सव में इस बार विशेषतौर पर पहली बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों में करमा एवं आल्हा गायन के आयोजन को भी शामिल किए जाने का प्रस्ताव किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि महोत्सव आयोजन स्थल पर समय रहते सभी मूलभूत जरूरतों को अभी से पूरा कराने की कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के बीच सामंजस्य स्थापित कर कार्य कराया जाए ताकि महोत्सव तिथि तक किसी भी तरह की कमी आयोजन के दौरान उजागर न होने पाए।