हॉट एयर बैलून में बैठकर शहर की खूबसूरती निहारना हो या फिर फिर रस्सियों से बने पुल पर संतुलन की क्षमता को परखना हो। हड्डियां कड़कड़ा देने वाली कमांडो ट्रेनिंग लेनी हो या फिर टायरों के बीच से कूदना।
रोमांच पैदा कर देने वाले इन खेलों का लुत्फ उठाने का मौका लखनऊ महोत्सव में मिलेगा। सब कुछ ठीक रहा तो महोत्सव का मुख्य आकर्षण इस बार एडवेंचर्स स्पोर्ट्स होंगे। इन खेलों के टिकट की कीमत 50 से सौ रुपये होगी।
25 नवम्बर से आशियाना स्थित स्मृति उपवन में लखनऊ महोत्सव का आगाज हो रहा है। सांस्कृतिक पंडाल में प्रस्तुति देने वाले मुख्य कलाकारों का चयन हो चुका है। स्थानीय कलाकारों का चयन चल रहा है।
ऐसे ही स्टॉलों के वितरण व अन्य तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। उल्लेखनीय है कि एडवेंचर्स स्पोर्ट्स को लखनऊ महोत्सव में शामिल करने की कवायद पिछले कई वर्षों से चल रही थी।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आरपी यादव के प्रयास से इस बार महोत्सव में इन खेलों को जोड़ा जा रहा है। आयोजन की जिम्मेदारी एरो क्लब ऑफ इंडिया से सम्बद्घ एविऐशन सोसाइटी को दी गई है।
महोत्सव स्थल में मुख्य पार्किंग के पास जगह उपलब्ध कराए जाने की बात हो रही है। खास बात यह है कि पहली बार एडवेंचरस स्पोर्ट्स महोत्सव में शामिल हो रहे हैं।