काकोरी के हाजीपुर कॉलोनी स्थित मस्जिद से सटे मकान में आतंकी यहां तीन महीने से रह रहे थे, लेकिन इसके पड़ोसी, इलाकाई लोगों और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। जबकि मकान मालिक मलिहाबाद निवासी बादशाह मौजूदा समय में दुबई में रह रहे हैं।
राजधानी में इससे पहले भी कई आतंकियों को पकड़ा जा चुका है। पिछले साल जनवरी में एनआईए के इनपुट पर एटीएस ने इंदिरानगर से एक संदिग्ध आतंकी अलीम को गिरफ्तार किया था। उसने पूछताछ में बताया था कि आईएस के आठ आतंकवादियों ने इंदिरानगर में बसंत विहार स्थित मकान में उसके साथ बैठक की थी।
इस दौरान आतंकियों ने हरिद्वार में बम ब्लास्ट कर बड़े पैमाने पर तबाही मचाने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए विस्फोटक और अन्य सामग्री भी जुटा ली गई थी। वहीं, कुशीनगर और हरदोई से भी आईएस के दो अन्य संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था।