उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन समेत विभिन्न बिजली निगमों में लंबे समय से रिक्त निदेशक के 20 पदों पर जल्द ही नियुक्तियां होने की संभावना है। इन पदों के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया बुधवार को पूरी कर ली गई। निदेशक के विभिन्न पदों के लिए नामों का पैनल तैयार करके अनुमोदन के लिए सरकार के पास भेजा जाएगा। नई सरकार की हरी झंडी मिलते ही नियुक्ति कर दी जाएगी।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने बुधवार को पावर कॉर्पोरेशन समेत बिजली कंपनियों में निदेशक के विभिन्न 15 पदों के लिए 76 दावेदारों का साक्षात्कार किया। निदेशक (वित्त) के पांच पदों के लिए 12 मार्च को नौ दावेदारों का साक्षात्कार किया गया था। जिन पदों के लिए साक्षात्कार किए गए हैं, उनमें उसमें पावर कॉर्पोरेशन में निदेशक कॉरपोरेट प्लानिंग, निदेशक वित्त, निदेशक आईटी व निदेशक वाणिज्य, राज्य विद्युत उत्पादन निगम में निदेशक (कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासन), निदेशक (परियोजना एवं वाणिज्य) व निदेशक वित्त, यूपी पावर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन में निदेशक (वर्क्स एंड प्रोजेक्ट), निदेशक (ऑपरेशन), निदेशक (कार्मिक प्रबंधन एवं प्रशासन) व निदेशक (नियोजन एवं वाणिज्य), पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम में निदेशक (कार्मिक प्रबंधन), दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम में निदेशक (कार्मिक प्रबंधन) एवं निदेशक (वित्त), केस्को में निदेशक (वाणिज्य) व निदेशक (वित्त), पूर्वांचल वितरण निगम में निदेशक (वित्त) एवं निदेशक (वाणिज्य), मध्यांचल विद्युत वितरण निगम में निदेशक (वाणिज्य) व निदेशक (तकनीकी) शामिल हैं।
इनमें से कुछ पद एक साल से भी ज्यादा समय से खाली चल रहे हैं। इससे बिजली निगमों में कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। निदेशक के ज्यादातर रिक्त पदों का अतिरिक्त चार्ज देकर काम कराया जा रहा है। ऊर्जा विभाग की ओर से पिछले साल 20 पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन प्रकाशित कराकर आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए थे। बाद में चुनाव की घोषणा हो जाने की वजह से चयन प्रक्रिया रुक गई थी। अब चयन समिति ने इन पदों के लिए दावेदारों का साक्षात्कार कर लिया है। नई सरकार बनते ही इनकी नियुक्ति कर दिए जाने की संभावना है।