राजधानी लखनऊ के चिनहट इलाके में स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक में सेंध लगाकर जेवर और नकदी लूटने की घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें लुटेरे बैंक के अंदर वारदात को अंजाम देते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 22 सेकेंड का है। इसमें देखा जा सकता है कि लुटेरे किस तरह से बेखौफ नजर आ रहे हैं और पूरे इत्मीनान के साथ लूट को अंजाम दे रहे हैं।
वहीं, लूट में शामिल अब तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका है। दो को पुलिस ने मार गिराया जबकि, दो अन्य फरार हैं। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को दोनों की लोकेशन मिल गई है। जल्द ही दोनों गिरफ्तार हो सकते हैं।
मुठभेड़ में पुलिस पर भी चलाई थीं आठ राउंड गोलियां
चिनहट की इंडियन ओवरसीज बैंक के 42 लॉकर तोड़कर करोड़ों का माल लेकर भागने के आरोपी सोविंद और उसके साथी ने पुलिस टीम पर आठ राउंड गोलियां चलाई थीं। जलसेतु तिराहे पर सोमवार रात पुलिस टीम ने शक के आधार पर एक कार को चेकिंग के लिए रोका था। पुलिस के मुताबिक कार सोविंद का साथी चला रहा था। पुलिस को देखते ही आरोपी तेजी से कार लेकर भागने लगा। इसी बीच गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई थी।
हमले में बाल-बाल बचे स्वाट टीम प्रभारी और चिनहट थाना प्रभारी
स्वाट टीम के प्रभारी शिवानंद मिश्रा के मुताबिक इससे पहले कि पुलिस आरोपियों के पास पहुंचती, सोविंद ने फायरिंग शुरू कर दी। यह देखकर उसके साथी ने भी गोलियां चलाईं। आरोपियों के हमले में स्वाट टीम प्रभारी और चिनहट थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में सोविंद के सीने में गोली लगी थी। उधर, सोविंद को साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था। पुलिस ने सोविंद को चिनहट सीएचसी भिजवाया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मौके से आठ खोखे बरामद किए हैं।
फरार दो बदमाशों की तलाश में लगी हैं छह टीमें
जेसीपी ने बताया कि अब तक तीन बदमाश गिरफ्तार किये जा चुके हैं। दो मुठभेड़ में मारे गए हैं और दो अभी भी भागे हुए हैं। जिसमें बिहार के लखीसराय टेटराहर निवासी मिथुन कुमार और सीतापुर का विपिन शामिल है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित है। 6 टीमें उनकी तलाश में लगी हैं। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को दोनों की लोकेशन मिल गई है। जल्द ही दोनों गिरफ्त में आ सकते हैं।