उत्तर रेलवे के तीन रेलवे स्टेशनों उतरेटिया, मल्हौर व आलमनगर पर ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाए जाएंगे। कुल 18 ट्रेनों के स्टॉपेज यहां दिए जाने हैं। इससे 24 हजार से ज्यादा यात्रियों को राहत मिलेगी। मार्च में स्टॉपेज पर मुहर लगने की उम्मीद अफसर जता रहे हैं। वृंदावन, पीजीआई, आलमबाग, ट्रांसपोर्टनगर, गोमतीनगर विस्तार में रहने वाली बड़ी जनसंख्या को ट्रेनों के लिए चारबाग व जंक्शन का रुख नहीं करना होगा। अनुमान के अनुसार पांच लाख से अधिक आबादी को इससे फायदा होगा।
चारबाग व लखनऊ जंक्शन पर ट्रेनों व यात्रियों का लोड कम करने के लिए 29 नॉन प्रीमियम ट्रेनों को बाईपास पर शिफ्ट किया जाएगा। इससे ये ट्रेनें उतरेटिया से ट्रांसपोर्टनगर के बीच बने बाईपास के रास्ते आगे रवाना हो जाएंगी। ट्रेनों को चारबाग लाने के लिए दिलकुशा केबिन से गुजारना होता है। दिलकुशा आउटर पर ट्रेनों का ट्रैफिक बढ़ जाता है, जिससे ट्रेनों को पीक ऑवर्स में घंटों खड़ा करना पड़ता है।
उतरेटिया, आलमनगर व मल्हौर में ट्रेनों को ठहराव मिलने के बाद यात्रियों को राहत होगी। खासतौर पर दिल्ली, बिहार, हावड़ा, वाराणसी, प्रयागराज, मुंबई, झांसी, चंडीगढ़, जम्मूतवी, देहरादून आदि रूटों पर जाने वाले यात्रियों के लिए ट्रेनों की सुविधा हो जाएगी। रेलवे बोर्ड के एक अफसर ने बताया कि स्टॉपेज के लिए टाइमटेबल आदि पर मंथन हो रहा है।
यात्री सुविधाओं में भी होगा इजाफा
रेलवे प्रशासन की ओर से इन स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव बढ़ाने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं में भी वृद्घि की जाएगी। मसलन, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम), वाटर वेंडिंग मशीनें, लिफ्ट, एस्केलेटर, बैठने व पेयजल के बेहतर व्यवस्थाएं भी की जाएंगी। सुविधाएं अब भी हैं, पर उनमें वृद्घि कर यात्रियों को राहत दी जाएगी।