राजधानी लखनऊ में किसान पथ पर हुए भीषण सड़क हादसे में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बृहस्पतिवार रात को हुए हादसे में चार लोगों की जान चली गई थी। हादसे में मृतक हिमांशु यादव के पिता बजरंग यादव ने की बीबीडी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने ट्रक नम्बर एचआर 38 डब्ल्यू 1932 के चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में बीएनएस की धारा 281, 106,125(बी) और 324 (4) के तहत शिकायत दर्ज की गई है।
किसान पथ पर बृहस्पतिवार रात शराब के नशे में धुत चालक ने ट्रक को तेज रफ्तार में दौड़ाकर आगे चल रही इनोवा में एक के बाद एक दो बार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जैसे ही ये वाहन रुके वैसे ही पीछे से आ रही वैन और फिर एक कंटेनर उनसे टकरा गया। हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि सात लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर है। घायलों का इलाज लोहिया अस्पताल में जारी है।
एडीसीपी पूर्वी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि तकरीबन आठ बजे एक इनोवा से कव्वाली टीम बिहार से बदायूं जा रही थी। उसमें आठ लोग सवार थे। किसान पथ पर बीबीडी इलाके में इनोवा में पीछे से एक ट्रक से टक्कर लगी। ऐसे में इनोवा चालक ने रफ्तार धीमी की। रफ्तार कम होते ही वह ट्रक इनोवा में और तेजी से जा घुसा। इन दोनों की टक्कर के बाद ट्रक के पीछे आ रही वैन उससे टकरा गई। वैन के पीछे आ रहा कंटेनर उससे जा भिड़ा।
वैन सवार चिनहट के खंदक गांव की रहने वाली किरन यादव (40), उनके बेटे शुभम उर्फ कुंदन यादव (22), हिमांशु (27) और इनोवा सवार मुजफ्फरनगर के शहजाद (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इनोवा सवार शाहजहांपुर के राजन, बरेली की तस्लीम व शकील, रामपुर के इंतजार, चिनहट के लाले यादव, अमरोहा के शाहरुख और ट्रक चालक सुशील घायल हो गए