पुलिस के मुताबिक, मानस और उसकी पत्नी दिव्या के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दिव्या ने जनवरी में तलाक के लिए मुकदमा भी दायर किया था। इसके बावजूद मानस ने पत्नी और बहन की हत्या के बाद खुदकुशी क्यों की, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं किसी व्यक्ति ने उसे ऐसा कदम उठाने के लिए उकसाया तो नहीं था।
यह है पूरी घटना: गोमतीनगर के हुसड़िया निवासी मानस ने 20 अगस्त की दोपहर मिठाई वाले चौराहे के पास आईसीआईसीआई बैंक के बाहर पत्नी दिव्या की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद घर पहुंचकर मानसिक रूप से बीमार बहन तुलिका की गोली मारकर हत्या कर दी और खुद को भी गोली मार ली। पत्नी की हत्या के बाद मानस ने व्हाट्सएप पर हत्या से संबंधित स्टेटस भी लगाया था। पुलिस को उसके घर से एक तमंचा और दो पिस्तौल मिली थीं।