चर्चित कथा वाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की शहर में पहली बार होने वाली कथा पर ग्रहण लग गया है। अब यह नहीं हो पाएगी क्योंकि एलडीए ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उनका 9 से 18 मार्च का आवंटन ही बृहस्पतिवार को अचानक रद कर दिया है।
यह किस कारण हुआ है, इसको लेकर एलडीए और पुलिस के अफसर अधिकृत पर असली वजह नहीं बता रहे हैं मगर अंदरखाने की चर्चा गंभीर है। जिसमें बाबा की कथा से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की अंदेशा जताया जा रहा है क्योंकि एक समुदाय विशेष की आबादी ज्यादा और उस पर उनका पवित्र महीना भी शुरू हो गया है।
खास यह भी है कि सोशल मीडिया प्लेट फार्म फेसबुक पर बाबा ने यह ऐलान कर दिया है कि वह 14 से 18 मार्च तक लखनऊ में रहेंगे। वहां पर सुंदरकांड पाठ आधारित कथा करेंगे। इसमें एक दिन उनका दिव्य दरबार भी होगा। यह वह दरबार होता है जिसमें बाबा खुद ही बिना पूछे भक्तों की परेशानी और उनकी इच्छा के बारे में लिखकर पर्ची देते हैं, जिससे लोग खूब हैरान भी होते हैं।
अब जो हाल है उसमें न तो कथा होने के आसार हैं न दिव्य दरबार के। कथा का आयोजन कराने वाली संस्था हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के न्यासी हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का लेकर पुलिस की अनुमति अभी नहीं मिली है। उसको लेकर वह प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कि वह पहले वृंदावन योजना के डिफेंस एक्सपो स्थल आयेाजन करना चाह रहे थे।
वहां पर पुलिस न कहा कि कथा से शहीद पथ पर जाम लग सकता है ऐसे में इसे राष्ट्र प्ररेणा स्थल में किया जाना ठीक रहेगा। उसके बाद एलडीए में आवेदन किया और स्थल बुक कराया। पैसा जमा करने का पत्र भी मिला मगर पैसा जमा नहीं हो पाया। पुलिस से अनुमति को लेकर प्रयास किया जा रहा था मगर इसी बीच अब एलडीए से आवंटन निरस्त होने का पत्र मिला है। अब असली वजह क्या है यह तो अधिकारी जाने मगर आवंटन निरस्त करना सही नहीं है।
अधिकारियों ने कही ये बात
अधिशासी अभियंता एलडीए निशांत चंद्रा ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मरम्मत के काम होने हैं। इस कारण आवंटन निरस्त किया गया है। कोई खास वजह नहीं है। वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री की कथा की अनुमति को लेकर समीक्षा की जा रही है। उसके बाद अनुमति जारी करने पर विचार होगा।