राजधानी में पर्यटन स्थलों की सैर के लिए लखनऊ सिटी ट्र्रांसपोर्ट सर्विसेज कंपनी की सिटी बस ‘लखनऊ दर्शन’ का शनिवार को शुभारंभ हो गया। पर्यटक सिर्फ 50 रुपये में तीन घंटे तक पर्यटक स्थल की सैर कर सकता है।
पहले दिन कर्नाटक एवं पंजाब के पर्यटकों ने ‘लखनऊ दर्शन’ की सवारी की। ये पर्यटक तीन घंटे में पर्यटन स्थल ठीक तरीके से घूम तो नहीं पाए, लेकिन दूर से देखने की आस जरूर पूरी हो गई।
चारबाग टर्मिनल पर सुबह 10 बजे कंपनी के प्रबंध निदेशक ए रहमान ने हरी झंडी दिखाकर ‘लखनऊ दर्शन’ सिटी बस का शुभारंभ किया। पहले दिन दो बसें पुराने लखनऊ स्थित पर्यटन स्थलों तक गईं।
पहली बस में 10 कर्नाटक और 4 पंजाब के पटियाला के पर्यटक सवार हुए। इस बस से जाने वाले पर्यटकों ने बारादरी, रेजीडेंसी, बड़ा इमामबाड़ा, छोटा इमामबाड़ा और पिक्चर गैलरी की सैर की और बाद उनको चारबाग टर्मिनल लाकर छोड़ दिया।
दूसरी बस में 12 पर्यटक एवं कंपनी के अधिकारियों ने सवारी करके ‘लखनऊ दर्शन’ का जायजा लिया। फिलहाल अधिकारी ‘लखनऊ दर्शन’ के संचालन से संतुष्ट दिखे। उद्घाटन समारोह में आदित्य प्रकाश एवं धीरज पांडेय आदि अधिकारी मौजूद थे।
प्रबंध निदेशक ने बताया कि कुछ दिन बाद दो में से एक बस पुराने शहर व दूसरी अन्य पर्यटक स्थलों की सैर कराएगी।
किराया और घूमने की समय सीमा बढ़ेगी
कंपनी के अधिकारियों का मानना कि 50 रुपये किराये और तीन घंटे में पर्यटक सही तरीके से पर्यटन स्थलों का आनंद नहीं ले सकेंगे। दरअसल चार-पांच पर्यटन स्थलों का घूमने के लिए कम से कम पांच घंटे घूमने और एक घंटे आवागमन के लिए चाहिए।
अधिकारियों का मानना कि ‘लखनऊ दर्शन’ का किराया 100 रुपये करने की जरूरत है। वहीं अधिकारियों ने ‘लखनऊ दर्शन’ की सवारी के दौरान कई प्रकार की अन्य खामियों को भी महसूस किया, जिनको जल्द दूर करने का फैसला किया है।