कुर्सी रोड स्थित ट्रेंच के भीतर भारी कूड़े की जिम्मेदार नहीं कर रहे सफाई
माय सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। कुर्सी रोड स्थित ट्रांसमिशन उपकेंद्र खुर्रमनगर से जाने वाली बिजली केबल के ट्रेंच में आग लग गई तो दो किलोमीटर दायरे में अंधेरा हो जाएगा। इसकी वजह केबल वाली ट्रेंच सूखे पत्ते और प्लास्टिक की पन्नियों से पट गई है। जिम्मेदार इस ट्रेंच की सफाई नहीं करा रहे हैं। सृष्टि और स्मृति अपार्टमेंट के अनुपम गुप्ता व विकास सिंह ने बताया कि पिछले एक दशक में कई बार इस कूड़े के चलते ट्रेंच में आग लग चुकी जिससे उनको जबरदस्त बिजली संकट का सामना करना पड़ चुका है। इसीलिए इस ट्रेंच की सफाई के लिए नगर निगम और एलडीए के अधिकारियों को पत्र भेज कर कई बार अनुरोध किया जा गया है, मगर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। सरगम अपार्टमेंट के अध्यक्ष अनुरोध कुमार राय के अनुसार एलडीए के अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों पर अफसर और अभियंता ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस ट्रेंच में छह केबल सृष्टि, सरगम, स्मृति और जनेश्वर अपार्टमेंट को रोशन करने वाली है। इसके साथ ही सहारा स्टेट कॉलोनी की बिजली आपूर्ति भी दो केबल से होती है। इस संबंध में जानकीपुरम जोन के मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने बताया कि शनिवार को टीम भेज कर ट्रेंच का निरीक्षण कराएंगे।
ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के महासचिव विवेक शर्मा ने बताया कि 400 मीटर लंबी लंबी ट्रेंच में जगह लगाए गए पटरे टूट कर गिर गए जिसके अंदर से 14 केबल के जरिए बिजली आपूर्ति हो रही है। सरगम अपार्टमेंट के सचिव प्रवीण सिंह ने बताया कि इस केबल के ऊपर सूखे पत्ते भारी पड़े हैं यदि किसी ने भी सिगरेट फेक दी तो आग लगने से केबल क्षतिग्रस्त हो जाएगा जिससे 2200 से ज्यादा परिवारों को बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा