न्यूजीलैंड के प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से भेंट की।
- फोटो : सूचना विभाग
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को न्यूजीलैंड के शहद उत्पादन एवं प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से शिष्टाचार भेंट की। इस मौके पर प्रदेश में गुणवत्तायुक्त शहद उत्पादन, प्रसंस्करण तथा तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अपर मुख्य सचिव, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग बी.एल मीणा ने किया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि न्यूजीलैंड में उच्चगुणवत्ता वाले शहद के उत्पादन, प्रसंस्करण एवं रोग नियंत्रण की आधुनिक तकनीक विकसित की गई है। इसे यूपी के मधुमक्खी पालकों तक प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग के माध्यम से पहुंचाया जा सकता है। यूपी प्रवास के दौरान टीम ने रायबरेली एवं बाराबंकी जिलों का भ्रमण कर स्थानीय मधुमक्खी पालकों से संवाद किया। साथ ही शहद उत्पादन की व्यापक संभावनाओं का अध्ययन किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत एवं न्यूजीलैंड के मध्य फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक एवं तकनीकी सहयोग को नई गति मिलेगी। न्यूजीलैंड की उन्नत तकनीक एवं अनुभव का लाभ प्रदेश के मधुमक्खी पालकों को प्रदान कर गुणवत्तायुक्त एवं निर्यातोन्मुख शहद उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य प्रसंस्करण निदेशालय में अपर मुख्य सचिव बी.एल मीणा व विभागीय अधिकारियों के साथ रणनीतिक चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल में न्यूजीलैंड के ईशान जयवर्धने (व्यापार कार्यान्वयन), मेलानी फिलिप्स (कृषि सलाहकार), बायरन टेलर (तकनीकी सलाहकार, मधुमक्खी पालन), प्रियम अरोड़ा (कृषि भागीदारी प्रबंधक, न्यूजीलैंड उच्चायोग), संदीप साहा (एपीडा क्षेत्रीय प्रमुख, उत्तर-पूर्व एवं लद्दाख) तथा निमित सिंह ‘मधुमखीवाला’, बाराबंकी शामिल रहे।