लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य कर रही पीएनसी कंपनी द्वारा बंथरा कस्बे में कानपुर रोड के दोनों ओर सड़क किनारे नाला निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय व्यापारी और निवासी परेशान हैं। कस्बे में दुकानों के सामने खुदे नाले को कई महीने बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं किया गया है, जिससे दीपावली और धनतेरस जैसे प्रमुख त्योहारों के मद्देनज़र व्यापारियों में नाराजगी व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि अधूरे नाले के कारण दुकानों तक ग्राहकों का पहुँचना मुश्किल हो गया है।
कई बार लोग नाले में गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बंथरा के व्यापारी अनिल बाजपेई, बृजेश द्विवेदी, लाला सिंह, राजेश क्लथ हाउस और नान गुप्ता ने बताया कि एक माह पूर्व उनके प्रतिष्ठान के सामने नाला खोदा गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ। स्थिति यह है कि दुकान में आने वाले ग्राहक और घर के बच्चे तक दुर्घटना के खतरे में हैं। पीएनसी कंपनी के अधिकारियों से कई बार शिकायत की, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। त्योहारी सीजन में बढ़ती ग्राहकों की भीड़ और अधूरे नाले के कारण बाजार में आवागमन बाधित है। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द नाला निर्माण पूरा नहीं किया गया तो वे विरोध प्रदर्शन करने को विवश होंगे।