- चेकिंग दस्ते की मॉर्निंग रेड में सात फ्लैट के लोगों पर बिजली चोरी का केस
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। ऐशबाग के बाद दोबारा चौक खंड के बिल्लौचपुरा में चोरी की बिजली से एक अपार्टमेंट रोशन पाया गया। इस अपार्टमेंट में इलाकाई कर्मियों की मिलीभगत से तीन साल से बिजली चोरी हो रही थी। चेकिंग दस्ते की मॉर्निंग रेड में कुल आठ फ्लैट में से सात में रहने वालों पर बिजली चोरी का केस दर्ज हुआ है। दस्ते के बहुत देर तक खटखटाने के बाद एक फ्लैट के परिवार ने दरवाजा नहीं खोला।
अधीक्षण अभियंता रमेश चंद पांडेय ने बताया कि यह बिजली चोरी जल्दी ही तैनात हुए जूनियर इंजीनियर रामजनम के नेतृत्व में पकड़ी गई है। उन्होंने बताया कि अपार्टमेंट में रहने वाले मो. सुहैल, रहमान, आरिफ, वकील अहमद, शफीक अहमद, शारुख, जावेद और दिलफरोश निवासी बिल्लौचुपरा एवं मो. इमरान निवासी कदीम रकाबगंज पर बिजली चोरी का केस दर्ज हुआ है। सबसे ज्यादा करीब 10 किलोवाट की बिजली चोरी वकील अहमद के फ्लैट में हो रही थी। उन्होंने बताया कि इस अपार्टमेंट का निर्माण शेरा बिल्डर ने कराया। पांच मंजिल के इस अपार्टमेंट का कोई विद्युत लोड वैध रूप से स्वीकृत नहीं था। अब तक की जांच में पता चला कि नादान महल रोड का एक पूर्व संविदा कर्मी जो नक्खास पुलिस चौकी के पास रहता, जिसकी निगरानी में यह बिजली चोरी हो रही थी। उधर, लखनऊ सेंट्रल जोन के मुख्य अभियंता रवि कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस बिजली चोरी के लिए वहां तैनात रह चुके जेई एवं एसडीओ के खिलाफ भी जांच होगी।