छावनी क्षेत्र में शुक्रवार से आचार संहिता लागू होने के साथ चुनाव का शंखनाद हो गया है। दो साल बाद छावनी क्षेत्र में लोकतंत्र की बहाली के लिए चुनाव होने जा रहा है। गुरुवार को इसका आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया गया था। इसके मुताबिक 29 मार्च को शाम चार बजे तक प्रत्याशी नामांकन करेंगे। 31 मार्च को रिटर्निंग अफसर सुबह 11 बजे से नामांकन पत्रों की जांच करेंगे। 30 अप्रैल को सभी आठ वार्डों के लिए सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। आठों वार्डों में पोलिंग बूथ निर्धारित कर दिए गए हैं। यह सभी सीसीटीवी की निगरानी में रहेंगे।
14 मार्च तक जुड़वा सकेंगे मतदाता सूची में नाम
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए लोग 14 मार्च तक आवेदन कर सकेंगे। 18 मार्च तक मतदाता सूची संबंधी आपत्तियां दाखिल की जा सकती हैं। 28 मार्च को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 29 मार्च को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक बोर्ड कार्यालय में प्रत्याशी नामांकन करेंगे। 31 मार्च को सुबह 11 बजे से प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच होगी।
ये भी पढ़ें - यूपी के नगर विकास मंत्री बोले, अप्रैल के अंतिम सप्ताह में हो सकते हैं निकाय चुनाव
ये भी पढ़ें - डिप्टी सीएम केशव बोले, पिछड़ा वर्ग को आरक्षण के साथ ही कराए जाएंगे निकाय चुनाव
छह अप्रैल को बंटेंगे चुनाव चिन्ह
प्रत्याशियों को छह अप्रैल को सुबह 11 बजे से बोर्ड कार्यालय में चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इस बार हवाई जहाज, अलमारी, कुल्हाड़ी, गुब्बारा, गैस सिलेंडर, केला, बल्ला, ऊन, सीटी, वायलन, ताला चाभी, नगाड़ा, सिलाई मशीन, टीवी, टेंट आदि चुनाव चिन्ह प्रत्याशियों को आवंटित किए जाएंगे।
वार्ड-1 एससी-एसटी के लिए आरक्षित
वार्ड-1 एससी-एसटी प्रत्याशी के लिए आरक्षित रखा गया है। वार्ड संख्या 2, 3 व 7 से महिला उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरेंगी। शेष वार्ड 4, 5, 6 व 8 अनारक्षित रहेंगे।
कुल आठ वार्डों में बने पोलिंग बूथ
वार्ड संख्या-1 : बीसी बाजार स्कूल बिल्डिंग, केंद्रीय विद्यालय -2
वार्ड संख्या-2 : आर ए बाजार स्कूल बिल्डिंग, नीता मेमोरियल पॉलीक्लीनिक, केंद्रीय विद्यालय-1
वार्ड संख्या-3 : आरबीआई बाजार स्कूल बिल्डिंग, कम्युनिटी सेंटर पीसीडीए
वार्ड संख्या-4 : कम्युनिटी सेंटर नेहरू रोड, एलएओ कार्यालय
वार्ड संख्या-5 : हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज पुराना परिसर, सेंट पॉल स्कूल
वार्ड संख्या-6 : जेडआरओ कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, कैटल पाउंड, मॉल एवेन्यू पार्क
वार्ड संख्या-7 : पुरानी संस्कृत पाठशाला, बनिया मोहाल उर्दू मिशन स्कूल की पुरानी धर्मशाला
वार्ड संख्या-8 : संस्कृत पाठशाला मंगल पांडेय रोड व आरबीआई बाजार स्कूल बिल्डिंग