स्टेशन के बाहर एक चालक ने महिला का हाथ पकड़ने की कोशिश की और ऑटो में बैठने का दबाव बनाया। ऑटो चालक कम से कम किराये में ले जाने के लिए राजी कराने लगा। लाइव रिपोर्टिंग के दौरान संवाददाता ने महिलाओं से बात की। उन्होंने बताया कि तेलीबाग जाना है। यहां किसी भी चालक का निर्धारित किराया नहीं है। ऊपर से इस तरह से दबाव बनाया जा रहा है। इनके साथ जाने में डर लगता है। महिलाओं ने कहा कि रात में चारबाग से यात्रा करना सुरक्षित नहीं। हालांकि किसी तरह एक ऑटो करके वह रवाना हुईं।
ओला उबर चालक करते हैं खेल
किसी भी स्थान से यात्रा शुरू करने से पहले उबर और ओला कंपनी के जरिये ऑनलाइन वाहन की बुकिंग की जाती है। बुकिंग के दौरान वाहन चालक का नंबर, वाहन नंबर, कंपनी का नाम व अन्य डाटा यात्री के पास सुरक्षित रहता है, लेकिन कुछ चालक इसमें खेल करते हैं। ऑनलाइन बुकिंग के जरिये यात्री के पास तो पहुंचते हैं, लेकिन वहां से बुकिंग कैंसिल कराकर कम पैसे में यात्रा कराने का ऑफर देते हैं। बताते हैं कि सीधे सवारी से मोलभाव करके यात्रा कराने पर उन्हें कंपनी का कमीशन नहीं देना पड़ता। इस स्थिति में किसी भी दुर्घटना की जिम्मेदारी कंपनी नहीं लेती है।
लगाई जाएंगी टीमें
पंजीकृत और अपंजीकृत ऑटो चालकों को चिह्नित किया जाएग। आरपीएफ की टीम लगाई जाएगी। चालकों की हरकत पर नजर रखी जाएगी। पकड़े जाने पर कार्रवाई होगी।- सचिंद्र मोहन शर्मा, डीआरएम, उत्तर रेलवे