पुराने शहर के कश्मीरी मोहल्ला इलाके में गिरधारा सिंह इंटर कालेज के पास एक जर्जर मकान का एक हिस्सा सुबह करीब 11 बजे गिर गया। इससे किसी के चोटिल होने की जानकारी नहीं है। नगर निगम जोन छह के जोनल अभियंता झिल्लू राम ने बताया कि मकान मालिक को पहले आठ बार नोटिस दी जा चुकी है कि वह अपने मकान की मरम्मत करा ले या उसे गिरा दे लेकिन उसने कुछ नहीं किया। ऐसे में एक बार और नोटिस दी गई है कि वह एक सप्ताह में उसकी मरम्मत कराए या गिराए। यदि कोई हादसा होता तो वह जिम्मेदार होगा।
नाला-नाली चोक, सड़कों पर भरा पानी
नाले-नालियां चोक होने से पुराने शहर सहित कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। सआदतगंज कोतवाली के पास सड़क पर एक फिर से भर गया। जिसे गाड़ियां बंद हो गईं। लोगों को उनको खींचना पड़ा। कई लोग पानी में गिरकर चोटिल भी हो गए। लोगों का कहना है कि जलभराव न हो उसको लेकर यहां पर पुलिया बनाई जानी थी लेकिन वह नहीं बनाई गई। अवध विहार योजना में भागीरथी एंक्लेव के सामने की सड़क पर भी जलभराव हुआ। जानकीपुरम विस्तार, कपूरथला चौराहा, डालीगंज अंडर पास, मवैया अंडर पास और गोमती नगर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भरा।
बारिश के दौरान निरीक्षण पर निकले नगर आयुक्त
शहर में तेज बारिश को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव कुमार ने सोमवार को वजीरगंज पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने पंपों की कार्यप्रणाली, जल निकासी की स्थिति और मशीनों की सतत निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।