Lucknow Airport new terminal: 2400 करोड़ की लागत से बनाया गया लखनऊ एयरपोर्ट का नया टर्मिनल पहली ही बारिश में टपकने लगा। सोशल मीडिया पर भी उसकी तस्वीरें वायरल हैं।
2400 करोड़ रुपये की लागत से हाल ही में तैयार किए गए अमौसी एयरपोर्ट के टर्मिनल टी-3 से पहली बारिश में ही पानी टपकने लगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो जाने पर एयरपोर्ट प्रशासन की काफी किरकिरी हुई। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन का दावा है कि कुछ ही देर में इसे ठीक करवा लिया गया।
विज्ञापन
चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का 10 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन किया था। अप्रैल में घरेलू और जून में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को इस पर शिफ्ट किया जा चुका है। टर्मिनल बेहद भव्य और विशाल है, लेकिन शुक्रवार रात इस मानसून की पहली बारिश में ही टर्मिनल-3 के चेकिंग काउंटर के पास पानी टपकने लगा।
सीटों पर पानी गिरने से यात्रियों को दूसरी जगह हटना पड़ा। एयरपोर्ट प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद लीकेज को ठीक करवाया गया। एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि बिल्डिंग नई है। पहली बारिश में हुए हल्के लीकेज को ठीक करवाया गया है। अब किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। टर्मिनल पर अभी काम चल भी रहा है।