दिल्ली से लखनऊ आने वाली गोमती एक्सप्रेस हो या फिर मुंबई से आने वाली पुष्पक एक्सप्रेस। लखनऊ आने वाले तमाम मुसाफिरों को ट्रेनों की जनरल बोगियों में खड़े होकर सफर करना पड़ा। ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने की वजह से यात्रियों को जनरल बोगियों में सफर करना पड़ रहा है।
शनिवार को स्टेशनों पर होगी बंपर भीड़
शुक्रवार से लखनऊ आने वालों का सिलसिला शुरू हुआ, जोकि शनिवार को सर्वाधिक होगा। चारबाग, लखनऊ जंक्शन, ऐशबाग, गोमतीनगर रेलवे स्टेशनों पर शनिवार को उमड़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ व जीआरपी के अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है।
ट्रेन में चढ़ने के लिए जुटी भीड़।
चारबाग व लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ व व्यवस्थाओं पर निगरानी रखने के लिए मंडल कार्यालयों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। आला अफसर कंट्रोल रूम से स्टेशनों पर निगरानी रखे हुए हैं। दूसरी ओर स्टेशनों पर भी कंट्रोल रूम बने हुए हैं, जहां सीसीटीवी के जरिए चप्पे-चप्पे पर आरपीएफ नजर रखे हुए है।
तत्काल ने फिर किया मायूस
मुख्य रूप से दिल्ली व मुंबई से लखनऊ आने वाले यात्रियों को तत्काल ने शुक्रवार को भी मायूस किया। शनिवार को दिल्ली, मुंबई से लखनऊ आने वाली ट्रेनों में कन्फर्म सीटों के लिए शुक्रवार को यात्रियों ने तत्काल कोटे में बुकिंग का प्रयास किया। लेकिन सुबह दस बजे तत्काल कोटा खुलने के आठ मिनट के भीतर ही सारी सीटें फुल हो गईं। 572 सीटें शुक्रवार को तत्काल कोटे में थीं, जिसमें यात्रियों के हिस्से स्लीपर की 49 सीटें ही आईं।
बस अड्डों पर भीड़, अतिरिक्त बसों से राहत
रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए 350 अतिरिक्त बसों का संचालन शुक्रवार को किया गया। कैसरबाग, कमता, आलमबाग बस अड्डों से प्रयागराज, वाराणसी, गोंडा, सीतापुर, बहराइच, लखीमपुर, गोरखपुर आदि जगहों के लिए संचालित होने वाली बसों में खासी भीड़ रही। लखनऊ परिक्षेत्र से 930 रेगुलर बसों व 350 अतिरिक्त बसों से यात्रियों ने सफर किया। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि अहिमामऊ, मड़ियाव सहित कई जगहों पर एक-एक अधिकारी को तैनात किया गया। शनिवार को भी बस अड्डों पर भीड़ उमड़ेगी।