लखनऊ में गुडंबा के कल्याणपुर निवासी विनय सोनी ने चौकी इंचार्ज और सिपाही पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विनय का आरोप है कि सड़क हादसे के मामले में सोमवार को वह पिता की जानकारी करने जब थाने पहुंचे तो उनसे उठक-बैठक कराई गई। पुलिस कर्मियों ने उन्हें पीटा। पिता और भाई पर शांतिभंग की कार्रवाई भी कर दी। पीड़ित ने मंगलवार को मामले की शिकायत जेसीपी एलओ बबलू कुमार से की है।
पीड़ित ने बताया कि सतीश के भाई सत्यवान से लिखित सुलहनामा होने के बाद भी चौकी इंचार्ज ने पिता रामशंकर और भाई अरुण सोनी पर शांतिभंग में कार्रवाई कर दी। जबकि अरुण तो सिर्फ उनके साथ थाने गया था। विनय का कहना है कि घटना का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया तो पुलिस कर्मियों ने दबाव बना कर सतीश से तहरीर लेकर पिता और भाई अरुण पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
विनय सोनी ने मंगलवार को जेसीपी एलओ बबलू कुमार से मंगलवार को उनके कार्यालय में मिलकर उन्हें प्रार्थना पत्र दिया। विनय ने थाना परिसर व कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कराने की मांग की है। जेसीपी ने एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह को मामले की जांच सौंपी है। एसीपी ने बताया कि हादसे के दिन आरोपी पक्ष ने मारपीट की थी। पुलिस पर उठक-बैठक और अभद्रता करने का आरोप निराधार है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।