दुबई से काठमांडू जा रही उड़ान लखनऊ डायवर्ट कर दी गई। नेविगेशन सिस्टम में दिक्कत व कम ईंधन के चलते ऐसा किया गया। लखनऊ में ईंधन भरवाने के बाद दोबारा विमान काठमांडू रवाना कर दिया गया। इस दैारान यात्री विमान में ही बैठे रहे।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार फ्लाई दुबई की उड़ान संख्या एफजेड-1133 शनिवार सुबह 8:30 बजे काठमांडू पहुंची। विमान ने काठमांडू एयरपोर्ट के ऊपर दो चक्कर भी काटे, लेकिन लैंडिंग नहीं हुई। नेविगेशन सिस्टम में दिक्कत के चलते विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। इस फ्लाइट में करीब 154 यात्री थे।
तकनीकी समस्या दूर होने के बाद फ्लाइट लखनऊ एयरपोर्ट से सुबह 9:30 बजे वापस रवाना हुई। सूत्रों ने यह भी बताया कि काठमांडू का वैकल्पिक एयरपोर्ट लखनऊ है, दोनों के एयर ट्रैफिक कंट्रोल एटीसी में बेहतर समन्वय है। ऐसे में किसी भी वजह से काठमांडू में लैंडिंग नहीं होने पर विमान लखनऊ डायवर्ट किया जाता है।
नेपाल एटीसी की ओर से लखनऊ एयरपोर्ट को सूचना दी गई कि विमान के नेविगेशन में दिक्कत है। ऐसे में विमान को लखनऊ भेज दिया गया। इतना ही नहीं एयरपोर्ट पर अलर्ट में विमान में ईंधन कम होने की बात भी कही गई। इससे एजेंसियों में हड़कंप सा मच गया।
कम ईंधन होने पर इमरजेंसी लैंडिंग करवाई जाती है। एम्बुलेंस और दमकल वाहनों को तैनात किया गया। हालांकि विमान की लखनऊ में लैंडिंग होने के बाद फ्यूल भरा गया, जिसके बाद विमान दोबारा उड़ान भर सका।