राजधानी लखनऊ के बीकेटी में बेहड़ चक्की के पास सोमवार दोपहर उल्टी दिशा से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे पांच साल का मासूम दस फीट उछलने के बाद सड़क पर गिरा और उसकी मौत हो गई। ट्रॉमा सेंटर में उसके मामा की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, आरोपी चालक गाड़ी लेकर भाग निकला।
हरदोई के अतरौली गौर खेड़ा निवासी गोपी पत्नी विनीता व बेटे दक्ष (5) के साथ एक महीने से ससुराल इटौंजा के मंडोली में रह रहे थे। मजदूरी करने वाले गोपी के मुताबिक सोमवार दोपहर वह पत्नी के साथ बालागंज में बहन राजकुमारी के घर से लौट रहे थे। दूसरी बाइक पर साला चंद्रिका व बेटा दक्ष थे। उसके काफी आगे निकल जाने पर गोपी बीकेटी के बेहड़ चक्की के पास इंतजार करने लगे।
उधर, उल्टी दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने चंद्रिका की बाइक में टक्कर मार दी। इससे आगे बैठा दक्ष उछलकर सड़क पर सिर के बल गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। चंद्रिका भी घायल हो गए। काफी देर इंतजार के बाद भी चंद्रिका और दक्ष नहीं लौटे तो गोपी उन्हें देखने गए। थोड़ी दूर पर भीड़ जमा देख गोपी उतरे तो देखा दोनों घायल पड़े हैं। उन्होंने दोनों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां दक्ष ने दम तोड़ दिया।
कुछ ही दिन पहले कराया था एडमिशन
जिगर के टुकड़े का शव देख विनीता बेहोश हो गईं। घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल था। गोपी ने बताया कि कुछ ही दिन पहले ही उन्होंने गांव के स्कूल में दक्ष का नर्सरी में एडमिशन कराया था।