अलीगंज में श्रीराम औद्योगिक अनाथालय से किशोरियों के भागने के मामले में डीएम सूर्य पाल गंगवार ने जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए कमेटी गठित की गई है। साथ ही सभी संवासिनियों को राजकीय बालिका गृह भेजा गया है।मामले की जानकारी मिलने पर डीएम ने अनाथालय का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 10 से 18 वर्ष की बालिकाओं के बालिका गृह का संचालन अनाथालय में किया जा रहा था। डीएम ने श्रीराम औद्योगिक ट्रस्ट की ओर से संचालित संस्था को वृद्धाश्रम के रूप में चलाने के निर्देश दिए हैं। इसमें अब पांच साल तक के बच्चों, बुजुर्गों के बेहतर स्वास्थ्य की देख-रेख के लिए आश्रय गृह विकसित किया जाएगा। इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा गया है।
प्रशासन का कहना है कि संस्था में कुल 40 बालिकाएं व दो नवजात शिशु बाल कल्याण समिति के आदेश से संरक्षित कराए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने ट्रस्ट के प्रबंधन समिति की आपातकालीन बैठक बुलाई। इसके बाद सीडब्ल्यूसी से आदेश लेकर पुलिस, बाल कल्याण समिति और जिला प्रोबेशन अधिकारी की मौजूदगी में किशोरियों को राजकीय बालिका गृह में आवासित कराया गया।