लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 के तहत पीएचडी की प्रवेश प्रक्रिया बृहस्पतिवार से शुरू होगी। इस बार 1015 सीटों पर दाखिले लिए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने अलग-अलग विषयों की सीटों की संख्या बुधवार को जारी कर दी।
इस बार रेगुलर में कुल 954 और पार्टटाइम में 61 सीटें हैं। ऑनलाइन आवेदन समर्थ पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 21 फरवरी है। इसके लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.lkouniv.ac.in पर जाना होगा। आवेदन से पहले गाइडलाइन पढ़ लें। सभी जानकारियां सावधानीपूर्वक भरें। त्रुटि होने पर आवेदन निरस्त हो सकता है। शैक्षिक अभिलेखों की साफ कॉपी अपलोड करें।
इतना देना होगा आवेदन शुल्क
सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग और ईडल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए 2000 रुपये
अनुसूचित जाति, जनजाति और दिव्यांग श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये
पार्टटाइम पीएचडी को जानें...
पार्टटाइम पीएचडी (अंशकालिक पीएचडी) उन कामकाजी पेशेवरों या अन्य प्रतिबद्धताओं वालों के लिए है, जो पूर्णकालिक अध्ययन नहीं कर सकते। इससे वे नौकरी या व्यक्तिगत जीवन के साथ-साथ शोध कर सकेंगे। पार्टटाइम पीचडी को पूरा होने में पूर्णकालिक पीएचडी से ज्यादा समय लगता है। अभ्यर्थी को इसके लिए नियोक्ता से एनओसी लेना अनिवार्य है।
विषयवार सीटों की संख्या
प्राचीन भारतीय इतिहास और पुरातत्व में 22, मानव विज्ञान में सात, अनुप्रयुक्त अर्थशास्त्र में 31, अरब संस्कृति में दो, अरबी में तीन, जैव रसायन विज्ञान में 13, वनस्पति विज्ञान में 44, रसायन विज्ञान में 77, वाणिज्य में 26, कंप्यूटर विज्ञान में तीन, रक्षा अध्ययन में छह, अर्थशास्त्र में 40, शिक्षा में 40, अंग्रेजी में 44, पर्यावरण विज्ञान (वनस्पति विज्ञान) और पर्यावरण विज्ञान (भूविज्ञान) में छह, ललित कला में चार, फ्रेंच में सात, भूगोल में छह, भूविज्ञान में 16, हिंदी में 103, गृह विज्ञान में सात, पर्यटन अध्ययन संस्थान में तीन, पत्रकारिता और जनसंचार में दो, कानून में 75, पुस्तकालय और सूचना विज्ञान में चार, प्रबंधन अध्ययन (एमबीए) में चार, गणित में 18, मध्यकालीन और आधुनिक इतिहास में 16, प्राच्य संस्कृत में पांच, दर्शनशास्त्र में 14, शारीरिक शिक्षा में 19, भौतिक विज्ञान में 56, राजनीति विज्ञान में 55, मनोविज्ञान में 14, लोक प्रशासन में छह, संस्कृत में 42, समाज कार्य में 14, समाजशास्त्र में 67, सांख्यिकी में 16, उर्दू में पांच, पश्चिमी इतिहास में 11 और प्राणीशास्त्र में 53 सीटें हैं।
कोट.......
पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया समय से पूरी हो सके, इसलिए ऑनलाइन आवेदन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। अभ्यर्थी आवेदन करते समय त्रुटि न करें। सभी सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की जाएगी।
- प्रो. जेपी सैनी, कुलपति, लखनऊ विश्वविद्यालय