लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय ने छात्रों को पढ़ाई के साथ रोजगार के लिए तैयार करने की दिशा में एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत इंटर्नशिप, प्रशिक्षण और शोध प्रबंध कार्यक्रम लागू किया गया है। इस कार्यक्रम में छात्रों को फील्डवर्क, डेटा विश्लेषण, परियोजना कार्य और शैक्षणिक लेखन जैसी गतिविधियों में शामिल किया जाएगा। इससे उनकी समझ मजबूत होगी और पेशेवर कौशल विकसित होंगे। अगले सत्र से छात्र इसके लिए आवेदन कर सकेंगे। लविवि की प्रो. गीतांजलि मिश्रा ने बताया कि आवेदन के लिए पोर्टल विकसित किया जा रहा है।
कार्यक्रम की खास बात यह है कि इसमें अन्य मान्यता प्राप्त संस्थानों के छात्र भी आवेदन कर सकेंगे। चयनित छात्रों को अनुभवी शिक्षकों और शोधकर्ताओं के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा। इस पहल में विज्ञान, कला, वाणिज्य, कानून, इंजीनियरिंग, शिक्षा, कृषि, आयुर्वेद, प्रबंधन और फार्मेसी जैसे कई विषय शामिल किए गए हैं। बाहरी छात्रों के लिए पांच हजार रुपये प्रति माह शुल्क तय किया गया है। अल्पकालिक इंटर्नशिप एक से तीन माह की होगी, जबकि शोध कार्य चार से छह महीने तक चलेगा। इसे ऑनलाइन, ऑफलाइन और हाइब्रिड मोड में संचालित किया जा सकेगा, हालांकि प्रयोगशाला और फील्ड आधारित कार्यों के लिए उपस्थिति अनिवार्य होगी।