लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय राज्य में पहली बार होने वाले रायसीना हैकाथन की मेजबानी करने जा रहा है। रायसीना हिल्स पर होने वाले रायसीना डायलॉग की तर्ज पर इसका आयोजन सात फरवरी को विदेश मंत्रालय और ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न होगा। इसकी थीम नया दशक, नई आवाज रखी गई है।
प्रवक्ता प्रो. दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यक्रम में लखनऊ विवि और 28 सहयुक्त कॉलेजों के 500 से अधिक विद्यार्थी और राजनीति विज्ञान के शोध छात्र भाग लेंगे। सभी प्रतिभागी हैकाथन में उभरते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका विषय पर विचार रखेंगे। देश के प्रमुख राजनीतिक विश्लेषक और नीति निर्माता छात्रों के सवालों के जवाब देंगे। इससे विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़े विषयों की जानकारी मिलेगी। आयोजन सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक मालवीय सभागार में होगा।
रायसीना डायलॉग में प्रस्तुत होंगे प्रभावशाली विचार
आयोजक डॉ. अमित कुशवाहा ने बताया कि रायसीना हैकाथन में प्रस्तुत सबसे प्रभावशाली विचारों को 17 से 19 मार्च को नई दिल्ली में होने वाले रायसीना डायलॉग में रखा जाएगा। इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वहां चार हजार से अधिक सरकारी, उद्योग जगत, नीति-निर्माता और वैश्विक विचारक प्रतिनिधि शामिल होंगे।
इन तीन प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा
1.
विदेश नीति और सुरक्षा : बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका।
2.
जलवायु परिवर्तन और स्थिरता : वैश्विक हरित एजेंडे का नेतृत्व।
3. डिजिटल भविष्य : वैश्विक प्रौद्योगिकी के अगले युग का निर्माण।