शिक्षकों को एलयू प्रशासन पर भरोसा नहीं, स्पेशल ऑडिट की मांग
लविवि में चेक क्लोनिंग व फर्जी मार्क्सशीट का मामला और गरमाया
गड़बड़ी के विरोध में शिक्षकों ने लविवि परिसर में तो निष्कासित छात्रों ने बाहर दिया धरना
लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षकों को विश्वविद्यालय प्रशासन पर भरोसा नहीं है। यही वजह है कि लखनऊ विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (लूटा) ने फर्जी मार्क्सशीट, चेक क्लोनिंग आदि मामलों की शासन से विशेष ऑडिट/जांच कराने की मांग की है। इस मुद्दे पर बृहस्पतिवार को लूटा के बैनर तले शिक्षकों ने परिसर के अंदर व निष्कासित छात्रों ने गेट नंबर एक के बाहर धरना दिया। मौके पर भारी पुलिस बल भी तैनात रहा।
लूटा ने शासन को भेजे ज्ञापन में कहा है कि विवि की संपत्ति और निधियों के नियंत्रण की जिम्मेदारी कार्य परिषद की है। विवि बिना किसी मंजूरी के करोड़ों रुपये इस बैंक से उस बैंक में ट्रांसफर कर रहा है। इसमें भी कमीशन का खेल दिख रहा है। चेक क्लोनिंग मामले में जो जांच समिति गठित की गई है, शिक्षक संघ इसे खारिज करता है। करोड़ों रुपये की जालसाजी के मामले में ठोस कार्रवाई के लिए कार्य परिषद की आकस्मिक बैठक बुलाई जाए।
शिक्षकों का कहना है कि जब विवि करोड़ों रुपये की जालसाजी के मामले में बैंक को दोषी बता रहा है तो उसके खिलाफ एफआईआर क्यों नहीं दर्ज करा रहा है। फर्जी मार्क्सशीट मामले में अब तक सीबीआई जांच की संस्तुति क्यों नहीं की गई?
शिक्षकों ने चेक क्लोनिंग व शिक्षकों के गलत ढंग से वेतन निर्धारण मामले में अकाउंट अफसर के निलंबन की मांग की है। साथ ही दोषी अधिकारियों पर कारवाई की बात भी कही। शिक्षक संघ अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन ने कहा कि विवि में शोध कार्य शून्य हो गया है और ठेकेदारी प्रशासन की प्राथमिकता पर है। शिक्षकों को देने के लिए पैसे नहीं हैं और ठेकेदारों को करोड़ों का भुगतान हो रहा है। कार्य परिषद की अनुमति के बिना मनमाना गोलमाल किया जा रहा है। इसलिए इसका संज्ञान शासन भी ले और ठोस कार्रवाई की जाए। सरस्वती प्रतिमा पर दिए धरने में महामंत्री डॉ. विनीत वर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. अयाज इस्लाही, पुनीत मिश्रा, डॉ. अजय आर्या, प्रो. सोमेश शुक्ला, प्रो. पूनम टंडन, प्रो. एसके चौधरी, डॉ. गुलाम नबी अहमद, डॉ. रतन कुमार आदि उपस्थित थे। वहीं विवि गेट के बाहर धरना देकर निष्कासित छात्र आशीष मिश्रा बॉक्सर, लालू कन्नौजिया आदि ने भी विवि प्रशासन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
कड़ी से जुड़ रही कड़ी
विवि में शिक्षकों व छात्रों के धरने को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस-पीएसी बल तैनात था। शिक्षकों के धरना समाप्त होने पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि चेक क्लोनिंग मामले में पुलिस छापे मार रही है। कड़ी से कड़ी जुड़ रही है। अगर विवि प्रशासन अच्छे से सहयोग करे तो जल्द इस मामले का खुलासा हो सकता है।