लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय और सहयुक्त कॉलेजों को 31 जुलाई तक अपनी प्रवेश प्रक्रिया खत्म करनी होगी। इससे पहले पांच जुलाई से शैक्षिक सत्र की शुरुआत हो जाएगी तथा नौ जुलाई से सभी कक्षाएं शुरू करनी होंगी। लविवि कुलसचिव एसके शुक्ला ने विवि का शैक्षणिक कैलेंडर जारी कर दिया है। शैक्षणिक कैलेंडर के हिसाब से प्रवेश, परीक्षा और रिजल्ट घोषित किए जाने हैं।
कुलसचिव की ओर से जारी एकेडमिक कैलेंडर के अनुसार पढ़ाई शुरू होने के बाद 26 नवंबर से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो जाएंगी। एक से छह जनवरी के बीच सर्दियों की छुट्टियां होंगी। सात जनवरी से फिर से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। 15 जनवरी से 28 फरवरी के बीच प्रयोगात्मक परीक्षाएं होंगी। 31 जनवरी तक सभी विषम सेमेस्टर परीक्षाओं का रिजल्ट जारी करना होगा। एक मार्च से स्नातक की वार्षिक परीक्षा शुरू होंगी। 19 मार्च को शैक्षणिक सत्र 2020-21 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। 22 अप्रैल को सम सेमेस्टर की परीक्षाओं का शुभारंभ होगा। 21 मई से ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होगा। 15 जून तक सभी कक्षाओं का रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। राजभवन से अभी तक दीक्षांत समारोह के लिए कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिला है। इसकी तारीख तय नहीं की गई है। इसलिए लविवि ने पिछले साल नौ अक्तूबर की तारीख को ही दीक्षांत समारोह की तारीख मानते हुए अपने एकेडमिक कैलेंडर में शामिल किया है। इसकी अंतिम तिथि बाद में घोषित की जाएगी।