लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग संकाय में विद्यार्थियों को नए सत्र में अधिक सीटों पर प्रवेश का अवसर मिलेगा। यहां बीटेक इन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) के पाठ्यक्रम में 60 सीटें बढ़ाई गई हैं। इंजीनियरिंग संकाय की फैकल्टी बोर्ड की बैठक में भी इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। लविवि के नवीन परिसर स्थित इंजीनियरिंग विभाग में शिक्षक और प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर डॉ. हिमांशु पांडेय ने बताया कि बैठक में संकाय स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस विभाग की स्थापना करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। यहां हाल ही में दो एआई लैब स्थापित की गई हैं, जिनकी मदद से विद्यार्थी उन्नत तकनीक सीख पाएंगे।
अभी तक बीटेक इन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस) में 120 सीटें थीं। इसमें 60 सीटें बढ़ने पर यह संख्या 180 हो जाएगी, जिससे अधिक विद्यार्थी दाखिला ले पाएंगे। नए सत्र से इसमें प्रवेश के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।