लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल ने स्नातक और परास्नातक विद्यार्थियों के लिए सामाजिक विकास और कॉर्पोरेट क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए हैं। इसके तहत तरुण भारत संघ और एंब्रोसिया लाइफ सेवर्स में विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 30 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। इस प्रक्रिया में विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थी भी भाग ले सकेंगे। दोनों संस्थाओं में कुल 55 पद निर्धारित किए गए हैं।
तरुण भारत संघ, जो जल संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में कार्यरत एक गैर-सरकारी संगठन है, परियोजना कार्यकारी (परियोजना प्रबंधन) के पद पर नियुक्तियां करेगा। चयनित अभ्यर्थियों को लगभग 3.6 लाख रुपये वार्षिक पैकेज मिलेगा।
वहीं, एंब्रोसिया लाइफ सेवर्स, एक फार्मास्यूटिकल मार्केटिंग कंपनी, बिक्री कार्यकारी के पद पर भर्ती करेगी। चयनित अभ्यर्थियों को लखनऊ में कार्य करने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान 15,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा, जिसके बाद 6 लाख रुपये वार्षिक तक का पैकेज दिया जाएगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित है। इच्छुक अभ्यर्थी क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की आधिकारिक वेबसाइट www.lkouniv.ac.in देखी जा सकती है।
प्लेसमेंट सेल उन विद्यार्थियों के लिए कौशल विकास और प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराएगा, जिन्हें इसकी आवश्यकता होगी। प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. अनूप भारतीय के अनुसार विद्यार्थियों के लिए यह एक अच्छा अवसर है। चयनित अभ्यर्थियों को परियोजना प्रबंधन, मार्केटिंग और फील्ड आधारित कार्यों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा।