लविवि : स्पेशल बैक पेपर करवाने की मांग तेज, कुलपति को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में बैक पेपर की मांग को लेकर छात्रों ने मंगलवार को कुलपति कार्यालय का घेराव किया। छात्रों ने विवि प्रशासन से स्पेशल बैक पेपर करवाने के साथ बैक पेपर प्रावधानों को लागू करने की मांग की। इस बाबत उन्होंने कुलपति प्रो. आलोक राय को लिखित ज्ञापन सौंपा और बैक पेपर की तिथि जल्द घोषित करने की मांग रखी।
एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष आर्यन मिश्रा ने कहा कि अंतिम सेमेस्टर में एक विषय में बैक लगने के कारण छात्रों का पूरा एक वर्ष बर्बाद होता है। इसके चलते छात्र मानसिक व शैक्षणिक समस्या का शिकार हो जाते हैं। इसलिए विवि प्रशासन जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करें। आर्यन ने बताया कि परिणाम जारी होने के एक सप्ताह के भीतर बैक पेपर तिथि आ जाती है, तो छात्रों का नुकसान नहीं होगा। छात्रों ने कहा कि अगर इस संबंध में जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो एनएसयूआई आंदोलन के लिए बाध्य होगी।