सस्ते व अफोर्डेबल आवास को भी ग्रीन बिल्डिंग और ऊर्जा दक्ष बनाया जा सकता है। एलडीए के इंजीनियरों ने नया मॉडल तैयार किया है। वहीं, अमेरिकी संस्था यूएस-एड ने माना है कि यह संभव है। एलडीए के प्रधानमंत्री आवास के निर्माण को यह सफलता मिली है।
यूपी सरकार की न्यू एंड रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी (नेडा) ने भी पीएम आवास के निर्माण को ऊर्जा दक्ष व ग्रीन बिल्डिंग मानते हुए चार, पांच स्टार रेटिंग दी है। प्रमाण पत्र भी एलडीए को मिल गया है। एलडीए के मुख्य अभियंता इंदुशेखर सिंह ने बताया कि शारदानगर विस्तार योजना में 2256 प्रधानमंत्री आवास का निर्माण किया है। चार मंजिला इन भवनों की लागत कम रखने के साथ ग्रीन बिल्डिंग बनाने पर भी जोर दिया गया।
30 जुलाई से खुल सकते हैं पंजीकरण
एलडीए के प्रधानमंत्री आवास के लिए पंजीकरण 30 जुलाई से खुल सकते हैं। मुख्य अभियंता ने बताया कि इसके लिए जरूरी रेरा का पंजीकरण नंबर मिल गया है। अब शारदानगर विस्तार और बसंतकुंज योजना में बन रहे प्रधानमंत्री आवास के लिए पंजीकरण खोला जा सकेगा। यह प्रक्रिया ऑनलाइन ही रहेगी। वहीं, आवंटन की प्रक्रिया भी एलडीए तेजी से पूरी करेगा।